मेरे बहुत सरे दोस्तों में पिछले कुछ सालों में मुझे बताया की कैसे मेरा पहला ब्लॉग या मेरा परिचय पढ़कर उन्हें अच्छा लगा। अधिकतर साथियों का कहना था की मेरे परिचय में मेरे परिवेश और संघर्षों की कहानी सुनकर उन्हें एक आत्मीय बोध हुआ और वो उससे जुड़ा महसूस कर पाए। ये मेरे लिए अत्यंत हर्ष का विषय था। मुझे अच्छा लगा की मेरे लिखावट या मेरे अनुभवों से जुड़कर कुछ लोगों को मदद हुयी या जीवन के कुछ सँघर्ष शायद थोड़ा आसान हो गए। पर आज मैं जो लिख रहा हूँ और वो भी एक ब्लॉग पोस्ट में उसके मायने कुछ अलग हैं। आज का ये पोस्ट मेरे परिवेश और उसकी कहानी से ही जुड़ा है परन्तु उसके अर्थ अलग हैं।
आज जब मैं ये लिख रहा हूँ तो मेरे पीछे केवल मेरा परिवेश ही नहीं अपितु मेरे कैरियर का अनुभव भी है और जीवन के अन्य अनुभव भी हैं। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से मिली ऐसी जानकारियों का अनुभव भी है जो शायद मुझे उन सब लोगों के बारे में जानने में मदद करता है जिनकी जीवन कहानी के बारे में अन्यथा मैं नहीं जान पाता। इस लिखावट के पीछे बहुत सारे दोस्तों और दूसरे पेशे से जुड़े लोगों का अनुभव भी है। और मेरी ये सोच उन सब अनुभवों से मिलकर बनी है।
जब मैंने लखनऊ में पढ़ना शुरू किया तो हमारे पास अक्सर या तो विद्यार्थी आते ही नहीं थे और अगर आते भी थे तो वो जिन्हें या तो कहीं और दाखिला नहीं मिला या फिर वो कहीं और दाखिला ले नहीं पाए यथा लखनऊ विश्वविद्यालय। जब मैं उन्हें पढ़ना शुरू करता तो हमेशा इसी बात से शुरू करता की हम सब अपने कन्धों पर परिवेश का एक बस्ता लेकर आते हैं। इस बस्ते में केवल किताबें ही नहीं होती बल्कि होती हैं कई अपेक्षाएं, उम्मीदें, सपने और इन सबसे बड़ी जिम्मेदारियां और परम्पराएं। मास्टर्स की ये यात्रा जितनी सिखने की नहीं उससे कहीं अधिक यात्रा वो उस बस्ते का भार हल्का करने की है। इसे हल्का करने के लिए unlearn करने की जरुरत ज्यादा है।
हालाँकि मैं ये बात हमेशा कहता रहा पर मुझे ये नहीं पता था की ये करना कैसे है। मुझे लगता था की ये एक तकनीकी प्रक्रिया है। बस्ते में से एक चीज निकालो , उसे नयी किताबों से भरो और हो गयी unlearning . एक दोस्त ने कहा की “अक्ल बादाम खाकर नहीं , धक्के खाकर आती है” और ये जीवन के अनुभव ही हैं जो आपको unlearn करना सिखाते हैं। ये हमें किसी किताब में नहीं मिलता और न ही किसी नुस्खे से मिलता है। ये मिलता है खुद के जीवन में झांककर देखने से, शांत भाव से स्वयं के साथ समय व्यतीत करने से।
भारतीय परिवेश में अधिकतर विद्यार्थियों की चुनौती ये है की वो सभी , जिसमें मैं स्वयं भी शामिल हूँ , ऐसे परिवेश से आते हैं जहाँ ” स्वयं ” के कोई मायने नहीं होते। उसका कोई अस्तित्व नहीं होता। भारतीय वैदिक दर्शन में जो “अहं ब्रह्मस्मि ” का सिद्धांत है वो आपको ब्रह्म की खोज के लिए प्रेरित करता है , अहम की नहीं। अहम् तो एक शर्मनाक अवधारणा है , स्वार्थी अवधारणा है। प्रत्येक मनुष्य का ये कर्तव्य है की वो अहम से ऊपर उठे और समाज के कल्याण के बारे में सोचे। समाज ही प्राथमिक है , अहम् नहीं। सेवा ही परम् धर्म है , अहम् नहीं। आज का सामजिक परिवेश जिसमें धार्मिक मुद्दों को वैसे भी अधिक अहमियत दी जाती है , सभी धर्म गुरु ब्रह्म में विलीनता को ही प्राथमिकता देते हैं। शांति का मार्ग वहीँ से होकर जाता है।
पर इस सबमें एक सवाल जो छूट जाता है वो ये है की अगर किसी का अहं से ही साक्षात्कार नहीं हुआ तो वो ब्रह्म तक कैसे पहुंचेगा। “अहं ब्रह्मस्मि ” में भी अहं ही पहले आता है। बौद्ध दर्शन में तो दर्शन का आधार ही व्यक्ति स्वयं है। पर ये स्वयं या अहं आखिर है क्या?
इसे जानने की प्रक्रिया भी स्वयं से शुरू होती है। अर्थात ये स्वयं से शुरू होकर स्वयं पर ही समाप्त भी होती है। परन्तु हमारा परिवेश इसका अनुमति नहीं देता। एक दोस्त का ये कथन की “हम तो घूमने फिरने भी काम से जाते हैं” इसका एक बेहतरीन उदाहरण है।
बचपन से हमारी परवरिश का हिस्सा है जिम्मेदारियां, और सेवा भाव। इन दोनों की शुरुआत और अंत दोनों ही परिवार के भीतर होता है। समाज उसके बाद आता है क्योंकि समाज तक जाने की सीढ़ी परिवार से होकर जाती है।
इसमें हमारी स्वयं के प्रति क्या जिम्मेदारियां हैं ये हमारे वातावरण का हिस्सा नहीं होता। अभी कुछ दिन पहले जब एक दोस्त ने मुझे ये सलाह दी की I Need to Unlearn , मुझे कुछ दिन तक तो इसका अर्थ ही समझ में नहीं आया। मुझे लगा की मैंने इतने मेहनत से ये सब learn किया है, इसे unlearn कैसे करूँ। तभी मेरे दिमाग में अपने ही वो कथन आये जो मैं अपने विद्यार्थी साथियों को कहा करता हूँ।
ये प्रक्रिया काफी दर्द भरी है। स्वयं के अंदर कुछ टूटने की प्रक्रिया आसान नहीं हो सकती। एक दूसरे दोस्त ने कहा था “जब पेड़ अपने पत्तों को छोड़ता है तो वो कोई आसान नहीं होता, जब पक्षी अपने बच्चों को उड़ना सिखाते हैं तो आसान नहीं होता , इसमें अपने ही अंदर कुछ टूटता है। ” पर इसके बाद जो बनता है वो अनूठा होता है , ताजगी और नयेपन से भरा।
और आपको जानकर हैरत होगी, या शायद अगर आपमें से कुछ ने इसकी कोशिश की हो तो शायद हैरत से अधिक आप हमदर्दी रखें , जब मैं धीरे धीरे ये प्रक्रिया शुरू की तो लगा जैसे रोज अपने अंदर कुछ टूट रहा था। मैं अपने ही अंदर बिखर रहा हूँ। और इस बिखराव को समेटने के लिए मेरे पास कुछ भी नहीं था। अर्थात कुछ टूट रहा था लेकिन नया बन नहीं रहा था।
और इस प्रक्रिया की शुरुआत होती है स्वयं के साथ समय बिताने से। साथ ही उन सब जिम्मेदारियों , आवाज़ों , चीखों और पुकारों को इंतज़ार करने को कहने या उन्हें नजरअंदाज करने से जो आपको आपके साथ समय बिताने से रोकती हैं। अन्य शब्दों में वो सब लोग जो आपका एक अभिन्न अंग रहे हैं, जिनसे आपको और आपसे जिनको लगाव है, जिनकी एक पुकार पर आप भागे चले जाते हैं , उनकी उन आवाजों को कुछ समय के लिए जानबूझकर , सोच समझकर एक तरफ रखकर, नजरअंदाज करके , केवल स्वयं के साथ समय बिताना।
ये स्वाभाविक ही सुनने में अटपटा लगता है परन्तु है नहीं। ऐसा करके आप एक साथ दो काम करते हैं। पहला आप स्वयं के साथ समय व्यतीत करते हैं और दूसरा , जो फिर एक दोस्त ने कहा की आप दूसरों की आप पर निर्भरता घटाते हैं। आप उन्हें भी ये बताते है की उनके अपने जीवन के अलग मायने हैं और उनका जीवन आपसे इतर भी है। ऐसे में चाहे बहन भाई हों, माँ बाप हों , या दूसरे रिश्ते हों , इन सबमें एक बंधन का भाव नहीं , एक स्वाभाविक लगाव पैदा होता है। आप स्वयं के साथ समय बिताकर खुद को जान सकते हैं और दूसरे आपसे दूर रहकर अपने लिए समय निकल सकते हैं। ये पारस्परिक विश्वास और निर्माण की प्रक्रिया है।
स्वाभाविक तौर पर ये इतना सामान्य नहीं बल्कि जटिल है। मैं इसे करने का प्रयास कर रहा हूँ। मानता हूँ की अपने आस पास के लोगों और नयी पीढ़ी को बेहतर समझने के लिए मुझे ऐसा करने की जरुरत है। अभी तक आप लोग मेरे जिस परिवेश को जानते हैं, मैं अब उस परिवेश के बस्ते को हल्का करना चाहता हूँ। इस प्रक्रिया में मेरे साथियों ने मदद की है। मुझे बताइये आप इस पर क्या सोचते हैं। अपने अनुभव मुझसे बांटिए। शायद मैं कुछ और सीख पाऊँ।